Saturday, June 5, 2010

इस बार सस्ती होगी हज यात्रा

भोपाल. राजधानी के राजा भोज विमानतल से हजयात्रियों को जेद्दा तक सीधी उड़ान मिलने से पैसे और समय दोनों की बचत होगी। औसतन एक यात्री को चार से छह हजार रुपए तक की बचत होने का अनुमान हैा।


इस साल भोपाल जिले से 272 तथा पूरे प्रदेश से करीब 3400 लोग पवित्र मक्का जाएंगे। राज्य सरकार समेत राजनीतिक दलों, राज्य हज कमेटी और जन संगठन लंबे समय से हजयात्रियों के लिए भोपाल से जेद्दा तक सीधी उड़ान की मांग करते आ रहे थे। यह मांग पूरी हो जाने से अब हजयात्रियों को फ्लाइट के लिए दीगर शहरों तक जाने की परेशानी नहीं उठाना पड़ेगी।


अब तक हजयात्री इंदौर, नागपुर, मुंबई से हवाई जहाज से जेद्दा जाते थे। इन शहरों तक जाने में उन्हें चार से छह हजार रुपए अधिक खर्च करना पड़ते थे।


यह खर्च विमान या ट्रेन के टिकट, होटल एवं अन्य परिवहन सेवाओं समेत खान-पान पर आता था। ऑल इंडिया मुस्लिम त्यौहार कमेटी के अध्यक्ष डॉ. औसाफ शाहमीरी खुर्रम के अनुसार भोपाल से मुंबई तक हवाई जहाज का सामान्य किराया ही साढ़े तीन हजार रुपए है।


हजयात्रियों को मुंबई तक छोड़ने उनके रिश्तेदार व मित्र जाते थे, उनका किराया अलग से वहन करना पड़ता था। अब इसकी बचत होगी। मालूम हो कि केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री प्रफुल्ल पटेल ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी को एक पत्र में बताया था कि हज यात्रियों को जद्दा तक सीधी उड़ान का लाभ मिलेगा।

No comments: