Tuesday, November 16, 2010

शिअद का दौर खत्म : मनप्रीत बादल

खन्ना . अकाली दल से मेरा किसी प्रकार का समझौता नहीं होगा। शिअद का दौर अब समाप्त हो चुका है। यह जानकारी सोमवार को पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल ने दी। शिअद छोड़कर मनप्रीत के साथ आने वाले फतेहगढ़ साहिब के जिला यूथ प्रधान गुरप्रीत सिंह भट्टी ने अपने समर्थकों के साथ उनका स्वागत किया।

उन्होंने कहा कि एक समय था जब पंजाब देश का सरताज था। अब उस सरताज की चमक खत्म होती जा रही है। इसका सबसे बड़ा कारण राज्य में गंदी राजनीति है। अगर पंजाब को बचाना है तो प्रत्येक वर्ग को जगाना होगा। बुजुर्गो, नौजवानों को एकजुट होना होगा, तब जाकर राज्य में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि यह जरूरी नहीं कि जिसके पास ज्यादा एमएलए हों या ज्यादा भीड़ हो वहां सच्चाई होती है।

सच्चई कम लोगों में हो सकती है। सच्चई एक के पास भी हो सकती है। उन्होंने कहा कि आज खन्ना में जो लोग भट्टी के कहने पर आए हैं, वह उनके ऋणी हैं । मनप्रीत बादल ने कहा कि अभी वह 6 महीने के करीब पूरे पंजाब केलोगों से मिलेंगे। घर-घर जाकर लोगों को जागृत करेंगे।

मनप्रीत ने कहा कि उन्होंने अपने 4 साल के वित्त मंत्रित्व काल में कभी भी सरकारी मशीनरी का प्रयोग नहीं किया। उन्होंने सरकार का एक लीटर भी पेट्रोल नहीं प्रयोग किया। वह पंजाब के किसी भी मामले को लेकर कहीं भी गए हैं तो अपने खर्चे पर। उन्होंने कहा कि उनके साथ जो भी जुड़ेगा वह यह सौगंध खाएगा कि वह लाल बत्ती की गाड़ी के अलावा सरकारी सुरक्षा गार्ड नहीं लेगा। वह सरकारी खर्च पर कही नहीं जाएगा।

पार्टी बनाने के सवाल पर मनप्रीत ने कहा कि पार्टी जनता बनाएगी वह नहीं। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग जो चाहेंगे वही होगा। फिलहाल उन्हें पंजाब के बच्चे-बच्चे की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हमें मनप्रीत बादल प्राइवेट लिमिटिड नहीं बनानी, पंजाब बचाना है।

इस मौके पर भट्टी ने कहा कि वह पिछले 18 वर्षो से अकाली दल के साथ जुड़े रहे। हमेशा मेहनत से पार्टी के लिए कार्य किया। लेकिन पार्टी मेहनती कार्यकर्ताओं के बारे में नहीं सोचती। पार्टी अपने किए हुए वायदों पर खरा नहीं उतर रही। लोगों को धोखा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब वासियों को धर्म के नाम पर गुमराह किया जा रहा है। भट्टी ने कहा कि जब मनप्रीत बादल ने अकाली दल बादल को छोड़ा तब ही उन्होंने यह फैसला कर लिया था कि एक मेहनती और सच्चे इंसान का साथ देंगे।

इस मौके पर आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान हरनेक सिंह बैनीपाल के भाई बिट्टू बैनीपाल, पार्षद महिन्द्रपाल जस्सल, विजय शर्मा, रवि ढीडसा, कांग्रेसी तरसेम लाल बाहिया, हरचंद सिंह मलकपुर, बहादुर सिंह रतनहेड़ी, सर्वदीप सिंह मक्खन, कुलदीप सिंह भंगू, स्वर्ण सिंह संधू, चरणजीत सिंह, पुष्पिंदर सिंह वैद्य के अलावा अन्य मौजूद थे।

No comments: